बरेली : मेला हत्याकांड...जाम छलकाने के बाद तीनों ने चाकू से गोद कर की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पिता ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट

बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार: बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के मेले में गए सेवानिवृत्त फौजी के बेटे की छेड़छाड़ की पुरानी रंजिश में चाकू गोद कर हत्या करने वाले तीनों हत्यारोपियों ने हत्या करने से पहले एक साथ बैठ कर जाम छलकाए थे। उसके बाद योजना अनुसार उसकी चाकू गोदकर हत्या कर फरार हो गए थे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

थाना क्षेत्र के ग्राम रजउपुर निवासी सेवानिवृत्त फौजी राम किशन ने बताया कि बीते साल युवती से छेड़छाड़ के आरोप में उसका बेटा अभिषेक (23) जेल गया था। उसी समय से युवती के पिता उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। युवक के पिता ने गुरुवार को पुलिस को बताया कि उनका बेटा अभिषेक बुधवार शाम मेला देखने गया था। आरोप है कि पुराने मुकदमे के चलते रंजिश मानते हुए गांव के ही सतीश ने गांव के बुधपाल और सुंदरलाल के साथ मिलकर अभिषेक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर उनका छोटा बेटा और ग्रामीण अभिषेक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच कर रही है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में आगरा कनेक्शन भी सामने आया है, जिसे लेकर पुलिस की एक टीम आगरा के लिए रवाना हुई है। इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य पहलुओं पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है। उधर, पुलिस की जांच में सामने आया है कि अभिषेक अपने दोस्त विकास के साथ टीपी नगर स्थित शराब भट्टी पर शराब पीने गया था। वहां दोनों का अन्य लड़कों से विवाद हो गया था। इसके बाद उन्हीं लड़कों ने दोनों को मेले में आकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या की है। विकास किसी तरह भाग गया, जबकि अभिषेक की चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस विकास से भी पूछताछ कर रही है।

अभिषेक के पिता की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। -मुकेश मिश्रा, एसपी उत्तरी।

संबंधित समाचार