लखीमपुर खीरी : पत्नी ने पति पर ईंट और कैंची से किया हमला, वृद्ध मां को भी पीटा
घायल पति ने दी तहरीर, रिपोर्ट दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: कोतवाली सदर क्षेत्र के सुआगाड़ा गांव में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी ने ईंट और कैंची से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाने आई वृद्ध मां को भी पीट दिया गया। घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सुआगाड़ा निवासी हरजीत सिंह मने बताया कि रात करीब 11 बजे जब वह घर पर थे। तभी उनकी पत्नी किसी अज्ञात व्यक्ति से फोन पर बात कर रही थी। उन्होंने विरोध करते हुए उसे मना किया। इस पर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने नाराज होकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि पत्नी ने हरजीत सिंह के चेहरे पर ईंट से प्रहार किया और कैंची से कई जगह वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाने पहुंची वृद्ध मां को भी आरोपी महिला ने पीट दिया और जान से मारने की धमकी दी। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर उसकी आरोपी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
