लखीमपुर खीरी : पानी में डूबने से युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
पत्नी की भी नौ साल पहले हो चुकी है मौत, बच्चों का रोकर हाल बेहाल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर में शुक्रवार को उस समय कोहराम मच गया। जब गांव के 35 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौ साल पहले पत्नी और अब युवक की मौत से उसके दो नाबालिग बच्चों के सिर से माता पिता का साया उठ गया है। दोनों बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
गांव हरिहरपुर निवासी मायाराम का बेटा शिवशंकर गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे खेतों में धान काटने गया था। देर शाम जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच गांव के कुछ लोग बाजार जा रहे थे, जिन्होंने उल्ल नदी पुल के पास पानी मे शिवशंकर का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक शिवशंकर की पत्नी सीमा की मौत करीब नौ वर्ष पहले ही हो चुकी थी। पत्नी की मौत के बाद से शिव शंकर अपने दोनों बच्चों सूरज (12) और सोनी(9) के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रहा था। अब पिता की मौत के बाद दोनों मासूम पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। बेरिहा गांव निवासी बच्चों की नानी ने बताया कि सीमा की मौत के बाद से वे ही दोनों बच्चों की देखभाल कर रही थीं। उन्होंने कहा अब तो इन मासूमों का कोई सहारा नहीं बचा। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद हर किसी की आंखें नम हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की मदद की मांग की है ताकि उनका पालन-पोषण सुचारू रूप से हो सके।
