बाराबंकी : SRMU के कोर्स में पंजीकरण की गड़बड़ी, अधर में भविष्य, एबीवीपी ने डीएम को ज्ञापन देकर की शिकायत
बाराबंकी, अमृत विचार। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में संचालित बीवोक ओटीटी, एमलटी कोर्स के छात्रों को पंजीकरण संबंधी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया और कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय और विरोहन के बीच जिम्मेदारी को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते छात्रों को न तो पैरामेडिकल काउंसिल या मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण संख्या मिल रही और न ही वे छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं का लाभ उठा पा रहे हैं।
विरोहन कंपनी ने दाखिले के समय उन्हें यह जानकारी दी थी कि कोर्स विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम और पैरामेडिकल काउंसिल द्वारा मान्यता प्राप्त है लेकिन कोर्स पूरा होने के बाद छात्रों को न तो पंजीकरण नंबर मिला और न ही संबंधित संस्थानों से प्रमाणन।
विरोहन की ओर से छात्रों को बताया गया कि कंपनी की भूमिका केवल प्रवेश और शिक्षकों की व्यवस्था तक सीमित है, जबकि विश्वविद्यालय का कहना है कि डिग्री एनएसडीसी अथवा यूजीसी से मान्य है। परिषद के इकाई अध्यक्ष सत्यव्रत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब मंडल स्तर पर विशेष जांच टीमें गठित की जाएंगी।
इस दौरान एबीवीपी केन्द्रीय सदस्य अभिनव मिश्र, प्रांत संयोजक विकास तिवारी, लखनऊ पूर्व भाग के जिला संयोजक आशुतोष राय, एसआरएमयू इकाई उपाध्यक्ष अमित सिंह चौहान, साक्षात श्रीवास्तव, रुद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
