बाराबंकी : ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार निलंबित, जांच के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खंड बनीकोडर की ग्राम पंचायत सिल्हौर के ग्राम प्रधान द्वारा वित्तीय अनियमितताओं के प्रकरण में वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार निलंबित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही जांच कमेटी बनाकर 15 दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान जवाहर लाल द्वारा अपने रक्त संबंधियों को कार्य का भुगतान किए जाने की शिकायत पर की गई जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट और ग्राम प्रधान के स्पष्टीकरण के अध्ययन के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने पाया कि प्रधान द्वारा शासनादेश में निहित प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए अपने पारिवारिक सदस्यों को लाभ पहुंचाया गया है।

प्रधान द्वारा किए गए भुगतान के संबंध में यह भी उल्लेखनीय है कि उन्होंने 1,12,895 की धनराशि ग्राम निधि खातों में वापस जमा की है, किंतु यह कार्य शासनादेश के उल्लंघन को समाप्त नहीं करता। 

मामले को गंभीर मानते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिए हैं, साथ ही प्रकरण की विस्तृत स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच के लिए जिला कृषि अधिकारी और सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-तीन को जांच अधिकारी नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार