बाराबंकी में दिवाली से पहले अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, पांच पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/रामसनेहीघाट, बाराबंकी, अमृत विचार। दीपावली पर्व से पहले जनपद में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को रामनगर और रामसनेहीघाट थाना क्षेत्रों में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो स्थानों से करीब दो लाख रुपये मूल्य के पटाखे बरामद किए।

थाना रामनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भैरमपुर में छापेमारी कर एक घर से अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की। पुलिस ने बताया कि मौके से चार गत्ते व तीन बोरियां छोटे-बड़े पटाखों की मिलीं, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में पटाखा गांव के मुबारक का बताया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि जब्त पटाखों का कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिस पर दो लोगों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना रामसनेहीघाट पुलिस ने कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्राम सनौली में छापेमारी कर तीन लोगों मो. वसीम पुत्र कुर्बान अली, कामरान पुत्र मेंहदी हसन तथा मो. जुनैद पुत्र हसमत अली को गिरफ्तार किया।

तलाशी में उनके पास से 50 डिब्बे अनार, 40 डिब्बे चरखी, 40 डिब्बे फूलझड़ी, 50 डिब्बे बुलेट बम, 120 डिब्बे रॉकेट और 30 बंडल देशी लाइट बरामद हुए। बरामद माल की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई। कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

संबंधित समाचार