रायबरेली के आश्रम में पुजारी की हत्या! पत्नी पर किए प्रहार, दिवाली पर हत्याकांड से हड़कंप
सलोन/रायबरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक बार दिल दहलाने वाला हत्याकांड सामने आया है। दिवाली की खुशियों के बीच आश्रम में आधाीरात को पुजारी की धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पुजारी की पत्नी पर भी वार किए-जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना ने गांव में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी संजीव सिन्हा भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुजारी की पत्नी की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटनाक्रम सलोन कोतवाली क्षेत्र के मुर्तजानगर गांव का है। मंदिर के पुजारी मोहन नाथ अघोरी अपनी पत्नी द्रौपदी के साथ आश्रम बनाकर रह रहे थे।
मृतक पुजारी मोहननाथ की पत्नी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे हमलावर आश्रम में घुसे। उन्होंने पुजारी के साथ मारपीट की, बीच-बचाव और हलचल होने पर आरोपी भाग गए। बदमाशों के भागने पर पत्नी-पत्नी दोनों सोने चले गए। आरोप है कि इसके बाद दोबारा रात करीब 3 बजे उन्होंने घर पर धावा बोला और इस बार पुजारी पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ कई वार किए और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हमलवारों ने पुजारी की पत्नी द्रौपदी पर भी हमला किया। घायल द्रौपदी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हत्याकांड से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एडिशनल एसपी संजीव सिन्हा पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। उधर, सलोन कोतवाली से भारी फोर्स गांव पहुंची। एडिशनल एसपी ने बताया कि बाबा की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपी, सुखदेव बंगाली और संजय बंगाली को हिरासत में लिया है। मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर तंत्र मंत्र: छात्र की कब्र की खोदाई कर निकाल रहे थे शव, पीड़ित परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर दी सूचना
