Moradabad: दीपावली की पूर्व संध्या पर खूब हुई पटाखों की बिक्री...अनार, फुलझड़ी, रॉकेट पहली पसंद
कांठ, अमृत विचार। दीपों का पर्व दीपावली नजदीक आते ही कांठ क्षेत्र पूरी तरह रोशनी से नहा उठा। दीपावली की पूर्व संध्या पर नगर की गलियां, बाजार और घर रंग-बिरंगी लाइटों और दीपों से जगमगाते नजर आए। नागरिकों ने अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक लाइटों, झालरों, रंगोली और फूलों से सजाकर उत्सव का माहौल बना दिया।
शाम ढलते ही पूरे नगर में मानो रोशनी की बरसात सी हो गई। मोहल्लों में बच्चों ने मिट्टी के दीपक जलाए, वहीं महिलाओं ने घर के आंगन में सुंदर रंगोली बनाकर देवी लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी की। मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां और उपहार देकर शुभकामनाएं देते नजर आए। आज शाम क्षेत्र में धूमधाम से दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। लोग माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। पटाखा बाजार एवं नगर में चौकी इंचार्ज सुमित यादव, उप निरीक्षक कमलदीप व संजीव कुमार जगह-जगह भ्रमण कर नागरिकों से दीपावली पर शांति बनाने की अपील करते हुए सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहे।
पटाखा बाजार में भी भारी भीड़
नगर के दशहरा मेला ग्राउंड में लगे पटाखा बाजार में भी भारी भीड़ देखने को मिली। छोटे-बड़े सभी लोग पटाखे, अनार, फुलझड़ी, रॉकेट और विभिन्न आतिशबाज़ी सामग्री खरीदने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
