शरदराज सिंह को मिला धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव अवार्ड
कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी नाट्य एवं फिल्म अभिनेता शरदराज सिंह लगातार अभिनय जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जनपद बाराबंकी का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें ‘धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल द्वारा लखनऊ में प्रदान किया गया। शरदराज सिंह की अभिनय यात्रा लगातार ऊंचाइयों को छू रही है। 10 अक्टूबर को उनकी भोजपुरी फिल्म 'झोलाछाप' एक ओटीटी चैनल पर रिलीज हुई, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसके अलावा वे जल्द ही अरशद वारसी के साथ फिल्म 'भागवत' में नजर आएंगे।
उनकी आगामी हिंदी फिल्म 'सिंगल सलमा' में भी उन्होंने कई नामचीन अभिनेताओं के साथ अभिनय किया है। हाल ही में, सितंबर महीने में शरदराज हिंदी फिल्म 'मलिक' में भी दर्शकों को नजर आए, जिसमें उनके अभिनय को सराहना मिली। अब तक वह तीन दर्जन से अधिक शॉर्ट फिल्में और फीचर फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। शरदराज सिंह ने थिएटर की दुनिया से शुरुआत कर सिनेमा तक का सफर तय किया है और वे अपने जुनून, समर्पण और मेहनत के बलबूते अभिनय के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बना चुके हैं।
यह भी पढ़ें : विराट कोहली-रोहित शर्मा फ्लॉप, शुभमन गिल भी हुये फेल, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया
