Meerut News: भाजपा नेता सड़क पर युवक से रगड़वाई नाक, वीडियो वायरल, पुलिस अफसर की भूमिका पर सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सत्ता के रसूख और कानूनी ताकत का आम नागरिकों पर दुरुपयोग करने का एक चौंकाने वाले वीडियो सामने आया है। पार्किंग विवाद के चलते भाजपा नेता विकुल चपराना ने सत्यम रस्तोगी नामक युवक को सड़क पर घुटने टेकवाकर नाक रगड़वाया और माफी मंगवाई। अब एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सब-इंस्पेक्टर (एसआई) गौरव सिंह साफ कहते दिख रहे हैं कि कार चालक को माफी मांगनी होगी। यह वीडियो पहले वाले वीडियो से अलग है, जिसमें सत्यम हाथ जोड़कर क्षमा मांगता नजर आ रहा था।

वीडियो वायरल होते ही जनता में आक्रोश फैल गया है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस को जनसाधारण के साथ ऐसा बर्ताव करने का हक है? मेरठ के एसएसपी ने इस पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात 20 अक्टूबर की रात तेजगढ़ी चौराहे पर हुई। शास्त्रीनगर डी-ब्लॉक के रहने वाले व्यापारी सत्यम रस्तोगी अपने मित्र के साथ होटल में खाना खाने के लिए पहुंचा था। पार्किंग को लेकर विकुल चपराना और उसके साथियों ने हंगामा मचा दिया। विकुल ने खुद को ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के खास बताते हुए सत्यम की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एसआई गौरव सिंह की निगरानी में ही सत्यम को सड़क पर नाक रगड़कर माफी मांगनी पड़ी। अब सामने आया नया वीडियो एसआई गौरव सिंह का है, जिसमें वे कहते सुनाई दे रहे हैं, "कार चलाने वाला माफी मांगेगा।" इस वीडियो के वायरल होते ही सनसनी मच गई और भाजपा नेता  और पुलिस की मिलीभगत पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

मंत्री के नाम पर दी धमकी

पीड़ित सत्यम रस्तोगी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, "मैंने तो सिर्फ पार्किंग स्थान मांगा था, लेकिन मंत्री का नाम लेकर मुझे डराया-धमकाया गया। एसआई साहब ने भी माफी मांगने पर जोर दिया, वरना गाड़ी सीज कर देने की चेतावनी दी। मजबूरी में अपमान सहना पड़ा।"

प्रकरण ने तूल पकड़ लिया तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और विकुल चपराना को हिरासत में ले लिया। हालांकि, अभी तक एसआई गौरव सिंह के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया है।

एसएसपी बोले होगी सख्ती

मेरठ के एसएसपी ने कहा, "वीडियो की तफ्तीश जारी है। अगर किसी की संलिप्तता साबित हुई, तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।" इस घटना से मेरठ के व्यापारी समुदाय में रोष व्याप्त है। पुलिस ने आरोपी को फिलहाल के लिए हिरासत में ले लिया है। साथ ही, स्थानीय लोग भाजपा नेतृत्व और पुलिस व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं।

संबंधित समाचार