UP: तालाब में उतराता मिला पांच दिन से लापता मासूम का शव
संभल, अमृत विचार। संभल जनपद के नखासा थाना क्षेत्र के गांव में पांच दिन से लापता परिषदीय विद्यालय के छात्र 5 वर्षीय मासूम का शव गांव के पास ही तालाब में उतराता मिला। परिजनों ने किसी रंजिश से इंकार किया है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया कि बच्चे की मौत कैसे हुई।
हिसामपुर गांव निवासी अनुराग उर्फ गुड्डू का 5 वर्षीय बेटा कक्षा 2 का छात्र आयुष शनिवार को गांव में ही स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने के लिए गया था। स्कूल से छुट्टी के बाद आयुष घर नहीं पहुंचा। पता चला कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद आयुष ने अपना स्कूल बैग अपने बड़े भाई लव को दे दिया था। इसके बाद परिजनों ने देर शाम तक बच्चे का इंतजार किया और फिर उसकी तलाश में जुटे। आसपास में तलाश करने के बाद रविवार को थाने में आयुष की गुमशुदगी की दर्ज कराई।
गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी परिजन आयुष को और इधर-उधर तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह गांव में तालाब में बच्चे का शव उतराता हुआ, गांव के लोगों ने पास जाकर देखा तो पता चला कि शव पांच दिन से लापता अनुराग के बेटे आयुष का था। शव को कुत्ते खींच रहे थे। परिजनों को सूचना दी तो रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।
मौके पर गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर आयुष का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया कि आयुष की मौत कैसे हुई और उसका शव तालाब में कैसे पहुंचा। आयुष की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। आयुष दो भाइयों में छोटा था।
