Lucknow AQI Today: शहर का बढ़ गया प्रदूषण...दमघोंटू हवा में मास्क पहनकर निकलें, जानें कैसे हैं हालात

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ समेत पूरे यूपी में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। जिसकी वजह से हवा की गुणवत्ता पर बहुत खराब असर पड़ा है। दीपावली पर आतिशबाजी से शहर का वायु प्रदूषण बढ़ गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को मास्क लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी है। साथ ही सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई है। दीपावली के तीन दिन बाद एक्यूआई का स्तर 254 के पार पहुंच गया है। लखनऊ में वायु गुणवत्ता का रेड जोन में होना एक गंभीर चेतावनी है। लेकिन PM 2.5 के बढ़ते स्तर ने चिंता बढ़ा दी है।

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि आतिशबाजी के धुएं में कैडमियम, बेरियम, रूबीडियम, स्ट्रॉन्शियम और डाइऑक्सिन जैसे खतरनाक रसायन पाए जाते हैं। ये तत्व फेफड़ों, हृदय, आंखों और त्वचा पर गंभीर असर डालते हैं। 

आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं न केवल वायु, बल्कि जल और मिट्टी को भी प्रदूषित करता है। लिहाजा लोगों को मास्क पहनकर बाहर निकलने की सलाह दी जाती है। जो सांस के मरीज हैं पटाखों का धुआं और महीन धूल उनके फेफड़ों में आसानी से प्रवेश कर दम घुटने, दमा का दौरा पड़ने या दिल की परेशानी बढ़ाने का कारण बनता है। 

ऐसे रोगी जितना संभव हो घर के अंदर रहें और अधिक से अधिक तरल पदार्थ ग्रहण करें। वायु प्रदूषण अधिक होने की स्थिति में मास्क का प्रयोग करें तथा इनहेलर का नियमित रूप से उपयोग करते रहें। उन्होंने सलाह दी कि यदि लक्षणों में सुधार न हो या सांस लेने में तकलीफ बढ़ जाए तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।

ये भी पढ़े : 

यूपी में दीपावली पर बिजली खपत का बना नया रिकॉर्ड... एक ही दिन में सर्वाधिक 149 मिलियन यूनिट की खपत

संबंधित समाचार