अमेठी : ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, डेढ़ घंटे तक खड़ी रही धनबाद स्पेशल ट्रेन
अमेठी, अमृत विचार। गुरुवार को दोपहर में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन तो मौके से निकल गई लेकिन उसके पीछे लगी धनबाद स्पेशल ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। मौके पर पहुँचे आरपीएफ के एक जवान ने रेलवे के एक कर्मचारी की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर यातायात को चालू करवाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कई ट्रेनें लेट हुई है।
दरअसल यह पूरा मामला लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित जायस थाना क्षेत्र के कासिमपुर हाल्ट के पास का है जहां दोपहर करीब 12 बजे 40 से 42 वर्षीय एक अज्ञात महिला की दिल्ली से पटना जा रही ट्रेन संख्या 04602 की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
घटना में महिला का शरीर दो हिस्सों में बैठ गया।घटना के बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हो गई। तभी पीछे से आ रही दिल्ली से धनबाद जा रही धनबाद स्पेशल ट्रेन के ड्राइवर ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी जिसके बाद आरपीएफ और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते हैं आरपीएफ का एक जवान मौके पर पहुंचा और रेलवे के कर्मचारियों की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर यातायात को चालू करवाया। हादसे के बाद दिल्ली से धनबाद जा रही धनबाद स्पेशल ट्रेन करीब डेढ़ घंटा तक घटनास्थल पर खड़ी रही जिसे बाद में रवाना किया गया।
धनबाद स्पेशल ट्रेन पर बैठे एक यात्री आशुतोष ने बताया कि काफी देर तक जब ट्रेन खड़ी रही तो वह नीचे उतर के देखे तो भीड़ लगी थी और वहां एक महिला की लाश पड़ी थी प्रशासन के कुछ लोग मौके पर थे लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा था सब तमाशबीन खड़े हुए थे। जब प्रशासन के लोगों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रोसीजर है प्रोसीजर के बाद ही ट्रेन आगे रवाना होगी।
बताया जा रहा है कि इसमें रेलवे की बड़ी लापरवाही भी है क्योंकि घटना के बाद धनबाद स्पेशल ट्रेन को पिछले स्टेशन पर ही रोक देना चाहिए था जिससे कि यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना न करना पड़ता इसके साथ ही इस ट्रेन के पीछे चार से पांच ट्रेन हैं जो लगातार लेट हो रही है।
