UP : पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान तो शारदा नदी में कूदा पति...NDRF कर रही तलाश
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू कलह में गुरुवार को एक ओर पत्नी ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, वहीं घटना से आहत पति ने थाना खमरिया क्षेत्र में ऐरा पुल से शारदा नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश कर रही है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। घटनाओं से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बताया जाता है कि कोतवाली क्षेत्र के कहारनपुरवा मजरा बम्हौरी निवासी गोलू उर्फ रामनिवास का अपनी पत्नी पूनम उर्फ पूना देवी (26) से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन के झगड़ों से परेशान पत्नी ने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने पूनम को फंदे पर झूलता देखा तो चीख-पुकार मच गई। पत्नी की मौत की खबर सुनकर गोलू उर्फ रामनिवास गहरे सदमे में चला गया।
उसने घर से निकलकर खमरिया थाना क्षेत्र के ऐरा पुल पर पहुंचकर शारदा नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर परिवार के लोग और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी नदी में तलाश कराई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। कुछ घंटों बाद पहुंची एनडीआरएफ की टीम मोटरवोट के साथ नदी में उतरी और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इधर मौके पर पहुंची धौरहरा पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कुछ दिनों से झगड़े बढ़ गए थे। ग्रामीणों के अनुसार गोलू पत्नी को बेहद प्यार करता था और उसकी मौत की खबर सुनते ही मानसिक संतुलन खो बैठा। थाना प्रभारी खमरिया ने बताया कि पुलिस व एनडीआरएफ टीम युवक की तलाश में जुटी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
