Bareilly : बुजुर्ग का मोबाइल खोया, ठगों ने खाते से पार किए साढ़े चार लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किला थाना क्षेत्र के रहने वाले बुजुर्ग का मोबाइल फोन खो गया। जो किसी ठग के हाथ लग गया। ठग ने उनके दो बैंक खातों से 4.53 लाख रुपये पार कर दिए। नया मोबाइल फोन लेने के बाद जब उन्होंने मोबाइल बैंकिंग एप डाउनलोड किया तो उन्हें ठगी की जानकारी हुई। पुलिस ने बुजुर्ग की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के खन्नू मोहल्ला निवासी नंद किशोर रस्तोगी ने बताया कि सात अक्टूबर को वह अपने किसी काम से बाजार गए थे। उस दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। कुछ दिन बाद जब उन्होंने नया मोबाइल फोन लिया और उसमें गूगल पे समेत अन्य बैंकिंग ऐप्स दोबारा इंस्टॉल किए तो उनके दो बैंक खातों से रुपये साफ हो चुके थे। 

परेशान होकर वह बैंक पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि ठगों ने सुनियोजित तरीके से 4.53 लाख रुपये उनके खाते से उड़ा लिए। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने किला थाना और साइबर सेल दोनों जगह शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार