लखनऊ पेशाब कांड पर गरमाई सियासत : सांसद और नेताओं ने पीड़ित से की मुलाकात, मदद का आश्वासन दिया
अस्पताल में भर्ती आरोपी की हालत स्थिर, पुलिस अभिरक्षा में चल रहा इलाज
काकोरी/लखनऊ, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के शीतला माता मंदिर परिसर में पानी को पेशाब बताकर बुजुर्ग रामपाल से चटवाने के मामले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। गुरुवार को कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित से मुलाकात की।
सांसद ने आरोपी स्वामीकांत उर्फ पम्मू की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि अगर वह बीमार है, तो उसका इलाज सरकारी अस्पताल में कराया जाए। सोशल मीडिया पर भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि तबीयत ठीक होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि जांच जारी है।
गुरुवार दोपहर सांसद तनुज पुनिया, पूर्व विधायक इंदल रावत और जिला अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह रामपाल के मोहल्ला हाता मोहम्मद हजरत साहब स्थित घर पहुंचे और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। भीम आर्मी के जय भीम संगठन के प्रदेश महासचिव अनिल गौतम और अन्य पदाधिकारियों ने भी पीड़ित से मुलाकात की।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर लोजपा (आर) के जिला अध्यक्ष नरेंद्र पासवान प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ तन, मन और धन से खड़ा रहने का आश्वासन दिया। पार्टी ने कानूनी कार्रवाई की जिम्मेदारी भी संभाली।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपी स्वामीकांत के बड़े भाई और परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल गांव में तैनात है और शांति बनाए रखने की अपील की गई।
घटना को बताया षड्यंत्र
दलित बुजुर्ग रामपाल के साथ हुए अमानवीय व्यवहार को मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने षड्यंत्र बताया। आरोपी स्वामीकांत के बड़े भाई और आरएसएस के सहविभाग संघचालक रमाकांत गुप्ता ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में गलत हरकतों का विरोध करने के कारण उनके छोटे भाई को फंसाया गया।
