बरेली : निदा खान को धमकी मामले की पुलिस ने शुरू की जांच
निदा ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर खुद को बताया खतरा
बरेली, अमृत विचार : शहर में हुए बवाल के बाद से भाजपा नेत्री और दरगाह आला हजरत परिवार की बहू रह चुकी निदा खान को लगातार धमकियां मिलने के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। निदा ने वीडियो जारी कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस और खुफिया विभाग मामले की जांच कर रहा है।
निदा खान ने वीडियो जारी कर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। निदा ने कहा कि पिछले दिनों शहर में हुए बवाल के बाद से उन्हें लगातार फोन कॉल्स और सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं। कुछ लोग बिना नंबर दिखाए कॉल कर खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। निदा ने बताया कि 26 सितंबर को दरगाह से जुड़े मौलाना तौकीर मियां की गिरफ्तारी के बाद हालात और ज्यादा बिगड़ गए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने उस वक्त कुछ नहीं कहा क्योंकि मामला संवेदनशील था, लेकिन अब उनके फॉलोवर्स खुलेआम गालियां दे रहे हैं और धमकियां भेज रहे हैं। वीडियो में निदा ने बताया कि तौकीर मियां के समर्थक उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर गालियां लिख रहे हैं और वीडियो पर भद्दी टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा जब मैं घर से निकलती हूं तो पीछा किया जाता है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
