बरेली : छठ पूजा के लिए पक्के घाटों की सफाई शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

न्यू मॉडल कॉलोनी के कैंटीन बाजार में पूजन सामग्री खरीदने पहुंच रहे लोग

बरेली, अमृत विचार : छठ पूजा महापर्व शुरू होने में एक दिन बचा है। इसको लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। लोगों ने पूजा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार से नहाय खाय के साथ छठ पूजा शुरू की जाएगी। पूजा के लिए शहर में कई मंदिरों में बने पक्के घाटों की सफाई शुरू हो गई है। व्रती इन्हीं घाटों पर पूजा करते हैं।

शिव पार्वती मंदिर और एमजेपीआरयू, धोपश्वर, तपेश्वर, सिद्धार्थ नगर मंदिर में बने घाटों की साफ सफाई की जा रही है। शुक्रवार को घाटों की रंगाई पुताई की जाएगी। नदियों के किनारे होने वाली छठ पूजा के लिए भक्त उसी दिन पहुंचकर किनारों पर साफ- सफाई करते हैं। देवरनियां नदी और रामगंगा घाट पर बड़ी संख्या में महिलाएं छठ मईया की पूजा करती हैं। व्रती महिलाओं ने गेहूं की सफाई और उसे धोकर सुखा लिए हैं, जिससे समय से पूजा के लिए आटा को तैयार किया जा सके।

पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू
छठ पूजा को लेकर इज्जत नगर रेलवे कैंटीन बाजार में पूजन सामग्री की बिक्री शुरू हो गई है। दुकानदार दो तीन महीने पहले छपरा से पूजा का सामान ले आते हैं। दुकानदारों के अनुसार छठ पूजा का सामान खरीदने के लिए बदायूं, पीलीभीत, खटीमा सहित कई जगहों से लोग पहुंचते हैं। दउरा, ढगरा, ठेकुआ सांचा, सूप, पान, सुपारी, नारियल, साठी के चावल, बद्दी, आलता, किराव समेत पूजा की सभी सामग्री दुकानों पर मिल रही हैं।

दुकानदारों की बात

करीब 40 सालों से छठ पूजा का सामान बेच रहा हूं, पहले यहां मेरी अकेली दुकान थी, शुक्रवार से सुतनी फल भी दुकान पर आ जाएगा। -चंद्रकांत कुशवाहा, दुकानदार।

दो तीन महीने पहले छपरा से पूजन सामग्री लेकर आनी पड़ती है। व्रती सामान खरीदने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार से दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाएगी। -विकास कुमार कुशवाहा, दुकानदार।

मंदिर में घाट की सफाई और मरम्मत शुरू हो गई है। शुक्रवार को घाट की रंगाई पुताई की जाएगी। यहां व्रती महिलाएं पूजा करेंगी। - विजय महाराज, महंत शिव पार्वती मंदिर।

संबंधित समाचार