बरेली: नहीं भरी उम्मीदों की ‘उड़ान’, इंतजार में गुजर रहा साल
अमृत विचार, बरेली। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू होने की उम्मीद में साल 2020 भी बीतने को आया लेकिन उड़ान शुरू नहीं हुई है। दिसंबर में उड़ान शुरू होने की चर्चा जोर-शोर से चली। बरेली-दिल्ली रूट तय होने के बाद लखनऊ और प्रयागराज के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने की खबरें आ …
अमृत विचार, बरेली। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू होने की उम्मीद में साल 2020 भी बीतने को आया लेकिन उड़ान शुरू नहीं हुई है। दिसंबर में उड़ान शुरू होने की चर्चा जोर-शोर से चली। बरेली-दिल्ली रूट तय होने के बाद लखनऊ और प्रयागराज के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने की खबरें आ रही हैं लेकिन उड़ान की तारीख अभी तक तय नहीं हुई है।
उड़ान शुरू कराने को लेकर न तो नागरिक उड्डयन मंत्री कुछ बता रहे हैं और न ही दिल्ली के अधिकारी कुछ कहने को तैयार हैं। हालांकि, दिसंबर के पहले सप्ताह में बरेली आए राज्य के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल ‘नंदी’ ने बरेली एयरपोर्ट से जनवरी में उड़ान शुरू होने की संभावना जतायी थी। एयरपोर्ट पर उड़ान शुरू कराने की तैयारियां भी लगभग पूरी करायी जा चुकी हैं।
यहां से अभी 72 सीटर हवाई जहाज संचालित किया जाएगा। दिल्ली-बरेली के लिये रूट पहले ही निर्धारित किया जा चुका है। इधर, एयरपोर्ट के सूत्र बता रहे हैं कि उड़ान शुरू कराने के संबंध में न किसी कंपनी का कोई शेड्यूल आया है और न ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से कोई पत्र आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिसंबर माह में भी उड़ान शुरू नहीं हो पाएगी।
उड़ान शुरू कराने की लाइन में तीन कंपनी लगीं
एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिये टर्बो एविएशन और एलायंस एयरलाइंस पहले से लाइन में लगी हैं। अब पिछले साल आर्थिक तंगी से बंद हुई जेट एयरवेज भी सामने आ गयी है क्योंकि जेट एयरवेज ने सबसे पहले उड़ान शुरू कराने की तैयारी की थी। क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए लाइसेंस तक ले लिया था। इसलिए, इस कंपनी को भी उड़ान शुरू कराने का मौका दिया जा सकता है। बहरहाल, अभी तक उड़ान के लिये कंपनी निर्धारित नहीं हुई है।
