धान खरीद को लेकर बोले DM, 94 क्रय केंद्रों पर शुरुआत, बिना धान बेचे न लौटे कोई भी किसान
बाराबंकी, अमृत विचार। धान खरीद वर्ष 2025-26 के तहत जिले में शनिवार से 94 क्रय केंद्रों पर धान क्रय कार्य की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी किसान बिना धान बेचे केंद्र से वापस न लौटे।
यदि किसी केंद्र पर किसान को लौटाया गया तो संबंधित प्रभारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि सभी केंद्रों पर पीने के पानी, तौल मशीन, बारदानों की उपलब्धता, भुगतान व्यवस्था और प्रतीक्षा स्थल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य पर पारदर्शी ढंग से खरीद व समयबद्ध भुगतान की गारंटी दी जाए। उन्होंने बताया कि जिले में सामान्य ग्रेड धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
धान क्रय अवधि 25 अक्टूबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक रहेगी। जिले के सभी 94 केंद्र प्रभारियों की तैनाती और 47 राइस मिलों का पंजीकरण व सत्यापन पूरा कर लिया गया है। डीएम ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।
