Bareilly : कद्दावर नेता और बेटे पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप...प्रशासन ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आंवला विधानसभा क्षेत्र के एक कद्दावर नेता व उनके बेटे पर गंभीर आरोप लगाते हुए जयवीर सिंह पाल नाम के व्यक्ति ने तीन पेज की लिखित शिकायत मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय, अमित शाह और जेपी नड्डा से की है। शिकायत में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आंवला ने तहसीलदार को नियमानुसार जांच कर आख्या देने के लिए शिकायती पत्र मार्क किया है। शिकायत कद्दावर नेता के खिलाफ होने से अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

शिकायतकर्ता जयवीर सिंह पाल ने शिकायत में अपना पता आंवला तहसील लिखा है, उसने मोहल्ला या गांव का नाम नहीं लिखा और न ही मोबाइल नंबर दर्ज किया है। महज नाम से आई शिकायत पर अधिकारियों में पहले एसडीएम, फिर तहसीलदार ने कानूनगो को मार्क कर दी। शिकायत में कुछ लोगों से अवैध वसूली कराने, सरकारी जमीनों व तालाबों पर कब्जे कराने, कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कराने के आरोप हैं। यहां तक लिखा है कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी मौन हैं। 

नेता का प्रदेश में कई जगहों पर संपत्ति होने का दावा किया है। शिकायत में कद्दावर नेता व उनके बेटे के इर्द-गिर्द घूमने वाले और भ्रष्टाचार में शामिल होकर साथ देने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों के नाम का जिक्र किया है। कई तालाबों को पाटकर कॉलोनियां बनाने का भी आरोप है। क्षेत्र के चर्चित धार्मिक स्थल के पास गोलमाल तरीके से जमीन खरीदने की भी बात कही है। मुख्यमंत्री से कद्दावर नेता के विरुद्ध जांच कराने की मांग उठाई है। यह भी कहा कि एक-एक बिंदु की जांच ठीक से हो जाए तो कई सौ करोड़ का साम्राज्य खड़ा करने का मामला सामने आ सकता है। जांच करने के लिए समिति गठित करने की मांग उठाई है।

क्या कहते हैं एसडीएम व तहसीलदार
शिकायत पर एसडीएम के हस्ताक्षर जैसे हस्ताक्षर बने हैं। उनकी ओर से तहसीलदार को जांच करने को निर्देशित किया है, जब एसडीएम आंवला विदुषी सिंह से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह शिकायत मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि शिकायत की गयी है तो तथ्यात्मक बिंदुओं पर जांच कराई जायेगी। वहीं, शिकायत पर तहसीलदार के हस्ताक्षर बने हैं, उनकी मुहर भी लगी है, जब तहसीलदार आंवला बृजेश कुमार वर्मा से पूछा गया तो बताया कि मुझे उक्त मामले में जानकारी नहीं है।

संबंधित समाचार