जम्मू-कश्मीर में पांच लाख की साइबर ठगी के तार लखीमपुर से जुड़े...मोबाइल नंबर से मिला सुराग
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जम्मू-कश्मीर में हुई साइबर ठगी के एक बड़े मामले में लखीमपुर खीरी का मोबाइल नंबर संदिग्ध पाया गया है। कश्मीर निवासी एक व्यक्ति के साथ पाच लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी की जांच में यह खुलासा हुआ है। जांच के बाद साइबर सेल थाना लखीमपुर ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा फ्रॉड के दो अन्य मामले भी सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल थाना लखीमपुर के पोर्टल पर एक शिकायत जाहिद हुसैन भट्ट निवासी लिबर, तहसील सलार थाना साइबर स्टेशन जम्मू-कश्मीर की शिकायत दर्ज थी, जिसमें खाते से 5,04,890 रुपये ऑनलाइन धोखाधड़ी से निकाले जाने की बात कही गई थी। इस शिकायत की जांच साइबर सेल थाना प्रभारी राम खेलावन राना ने सिपाही राहुल कुमार को सौंपी थी। सिपाही राहुल कुमार ने जब धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल नंबर का सीएएफ मंगवाया तो वह थाना खीरी के गांव निजामपुर निकटी निवासी हरिप्रसाद का निकला।
जांच करने पर पता चला कि इसी नंबर से जम्मू एंड कश्मीर बैंक से अलग-अलग तिथियों पर 504,890 रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई। थाना साइबर सेल लखीमपुर प्रभारी राम खेलावन ने बताया कि सिपाही राहुल कुमार की तहरीर पर आरोपी हरि प्रकाश के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) और आईटी एक्ट की धारा 66 (डी) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच वह स्वयं कर रहे हैं।
फर्जी ओटीपी के जरिए खाते से रिए 94,000 पार
साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 94,000 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है। थाना फरधान के गांव बेल निवासी रियाज अहमद ने बताया कि उसका खाता कैनरा बैंक में है। 9 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आई, जिसमें कोई नंबर नहीं दिख रहा था। उसके बाद कुछ ओटीपी के मैसेज आए। उसने मोबाइल बंद करने की कोशिश की, लेकिन वह स्विच ऑफ नहीं हुआ और इसके पहले ही भीम यूपीआई के माध्यम से उसके खाते से 94000 रुपये कट गए।
महिला को ब्लैकमेल कर युवक ने मांगे 20 हजार रुपये
लखीमपुर खीरी। फर्जी आईडी बनाकर महिला को ब्लैकमेल कर रुपये मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है। थाना साइबर सेल पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना फरधान क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि गांव चौखड़ा निवासी इजहार उर्फ सोनू अलग-अलग फर्जी आई बनाकर उससे गाली गलौज करता है और गलत संदेश और गंदे वीडियो भेजता है। उसने जब आरोपी से संपर्क किया और विरोध जताते हुए वीडियो और संदेश हटाने की बात कही तो आरोपी 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। आरोपी की इस हरकत से परेशान महिला ने थाना साइबर सेल को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
