Bareilly: बिना रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पास नहीं होगा नक्शा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अगर आप 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से अधिक भूमि पर कोई निर्माण कराने जा रहे हैं तो ये खबर आपके लिए काम की है। दरअसल, लगातार भू-गर्भ जल स्तर में आ रही गिरावट के चलते शासन भी चिंतित है। इसको लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सख्त निर्णय लिया। अब 100 वर्ग मीटर से बड़े भवनों के मानचित्र को स्वीकृति तभी मिलेगी जब वहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी।

बीडीए अधिकारियों के अनुसार, नई व्यवस्था मुख्यमंत्री के आदेश के बाद से लागू कर दी गई है। पानी बचाओ, जीवन बचाओ अभियान के तहत यह पहल की गई है। इसके तहत भवन निर्माण के दौरान रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम होना अनिवार्य किया गया है। नक्शा पास करते समय यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भवन में वर्षा जल संचयन की तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह से मौजूद है। मानकों का पालन न करने वाले आवेदकों के नक्शे स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।

स्थलीय निरीक्षण के बाद मिलेगी भवन निर्माण की स्वीकृति
बीडीए अफसरों के अनुसार, कोई भी निर्माण कराने से पूर्व आवेदक को शपथपत्र देना होता है कि भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएंगे, लेकिन अधिकांश लोग बिना मानकों को पूरा किए ही निर्माण कार्य पूर्ण करा लेते हैं, लेकिन अब यह खेल नहीं हो सकेगा। बीडीए की टीम स्थलीय निरीक्षण कर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जांच करने के बाद ही नक्शा स्वीकृत करने की प्रक्रिया को पूर्ण करेगी।

बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि  जल संचयन को लेकर व्यवस्था लागू की गई है। वर्षा जल संचयन प्रणाली के लिए 100 वर्ग मीटर से बड़े भवनों के नक्शा फाइल में शामिल कराया जा रहा है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।

 

संबंधित समाचार