गोंडा : एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार
परसपुर/गोंडा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के परसपुर-भौरीगंज मार्ग पर पसका मोड़ तिराहे के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय अंकित वर्मा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सरकारी एंबुलेंस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिर गया और एंबुलेंस ने उसे करीब 50 मीटर तक घसीट दिया।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक अंकित वर्मा ग्राम मधईपुर कर्मी का निवासी था और सुबह करीब 7 बजे अपने चाचा को परसपुर चौराहे से लेने जा रहा था तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अंकित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मृतक के बाबा पूर्व प्रधान आदित्य वर्मा सहित परिजन अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि चालक ने तेज रफ्तार में टक्कर मारने के बाद वाहन नहीं रोका जिससे युवक की मौके पर ही जान चली गई।
इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर सरकारी एंबुलेंस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
