राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में बीएसएनएल का नेटवर्क धराशायी... टोल फ्री नंबर पर शिकायत करने पर भी नहीं हो रहा समाधान
लखनऊ, अमृत विचारः राजधानी के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बीएसएनएल का नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित है। अलीगंज, इंदिरा नगर, गोमती नगर, चारबाग, ठाकुरगंज, हजरतगंज, आलमबाग, राजेन्द्रनगर, खजुवा, रकाबगंज, राजाजीपुरम सहित अनेक क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को कॉल ड्रॉप, कमजोर नेटवर्क और इंटरनेट की धीमी गति की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कॉल कनेक्ट होने में समय लगता है, कॉल बार-बार कट जाती है और मोबाइल डेटा भी अक्सर बंद हो जाता है। कई लोगों ने बताया कि नेटवर्क समस्या के कारण ऑनलाइन कार्य, बैंकिंग लेन-देन और व्यापारिक संचार पर बुरा असर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को भी ऑनलाइन क्लास और असाइनमेंट भेजने में दिक्कतें हो रही हैं।
पाण्डेयगंज के व्यापारी अभिषेक ने बताया कि नेटवर्क की दिक्कत के चलते ग्राहकों से संपर्क करना मुश्किल हो गया है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने समस्या की शिकायत बीएसएनएल के टोल फ्री नंबर 1500 और 198 पर दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला। बीएसएनएल के मोबाइल सेवा के जनरल मैनेजर कमलेश कुकरेती ने बताया कि जिन भी क्षेत्रों से उपभोक्ताओं की समस्याओं की जानकारी मिलती है वहां पर नेटवर्क संबंधी दिक्कतों को ठीक किया जाता है। 4जी अपग्रेड के कारण कभी-कभी नेटवर्क संबंधी दिक्कतें आ जाती है।
