Sitapur News: नृत्यांगनाओं से गन प्वाइंट पर हुई 8 लाख की लूट, चार नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना कों अनजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सीतापुर: नृत्य कार्यक्रम के लिए कार से जा रहीं कलाकाराओं को रास्ते में नकाबपोश लुटेरों ने बंदूक की नोंक पर रोक लिया और करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने गाड़ी के शीशे तोड़े और हवाई फायरिंग कर आतंक मचाया। घटना महमूदाबाद क्षेत्र के सदरपुर थाना अंतर्गत हुसैनपुर पुल के पास रविवार रात हुई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए।

घटना का विवरण

रामपुर कलां थाने के सरैया गांव की रहने वालीं शिवानी, सोनी, काजल, मन्नू और चालक मोनू रूसहन गांव में आयोजित एक समारोह में नृत्य प्रस्तुति देने जा रही थीं। रात के समय हुसैनपुर पुल के निकट अचानक रास्ते में पेड़ गिरा देख चालक ने ब्रेक लगाया। तभी झाड़ियों से चार नकाबपोश बदमाश बाहर निकले और हथियार दिखाकर सभी को धमकाने लगे।पीड़िताओं के अनुसार, बदमाशों ने तीन सोने की चेन, चार जोड़ी झुमके, एक स्मार्टफोन और दस हजार रुपये नकद सहित कुल छह लाख रुपये से अधिक की कीमत की वस्तुएं लूट लीं। चालक मोनू ने जब विरोध जताया तो बदमाशों ने गुस्से में आकर कार के कांच तोड़ दिए और डराने के लिए हवा में गोली चलाते हुए फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वारदात की खबर लगते ही क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष राजेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह स्वयं मौके पर आए, पीड़ित महिलाओं से विस्तार से बातचीत की और मामले के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। 

एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिनमें एसओजी की टीमें भी शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।

संबंधित समाचार