Global Iodine Day: स्कूली बच्चे घर-घर बताएंगे आयोडीन युक्त नमक का महत्व, National Iodine Deficiency Disorders Control कार्यक्रम का आयोजन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: आयोडीन के लाभ और इसकी कमी से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लखनऊ मण्डल के माध्यमिक विद्यालयों में ग्लोबल आयोडीन दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को आयोडीन के महत्व और इसकी कमी से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में शिक्षित किया जाएगा। इसके बाद बच्चे अपने घर और मोहल्ले में लोगों को जागरूक करेंगे।

राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार नियंत्रण कार्यक्रम (नेशनल आयोडीन डेफिसियेंसी कंट्रोल प्रोग्राम) के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में छात्रों को शरीर में आयोडीन के संतुलन के महत्व पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, अपर निदेशक राज्य स्वास्थ्य संस्थान के निर्देश पर यह कार्यक्रम अक्टूबर के अंतिम दो सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। छात्रों के लिए कक्षावार चर्चा हेतु सम्बंधित प्रश्नावली भी भेजी गई है।

छात्रों से निम्नलिखित विषयों पर चर्चा की जाएगी

आयोडीन क्या है?

आयोडीन युक्त नमक क्या है?

आयोडीन नमक का सेवन क्यों जरूरी है?

आयोडीन की कमी से होने वाले विकार क्या हैं?

आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों का इलाज संभव है या नहीं?

आयोडीन नमक की पहचान कैसे करें?

डॉ. दिनेश कुमार ने कहा, “ग्लोबल आई डीडी दिवस मनाना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है। मण्डल के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि वे इस दिवस को प्रभावी ढंग से मनाएं।”

इस पहल से न केवल बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि वे अपने परिवार और समाज में भी आयोडीन युक्त नमक के महत्व के संदेश को फैलाएंगे।

संबंधित समाचार