UP News: डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर का नया मानक बनेगा जेवर एयरपोर्ट... फ्यूचर-रेडी एयरपोर्ट और तीन डिजिटल कंट्रोल हब से होगा संचालन
लखनऊ, अमृत विचार। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर का नया मानक स्थापित करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप यह एयरपोर्ट न केवल अत्याधुनिक हवाई सेवाओं का केंद्र होगा, बल्कि तकनीकी रूप से फ्यूचर-रेडी डिजिटल हब के रूप में देश की पहचान बनेगा।
एयरपोर्ट में ड्यूल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क की सुविधा होगी, जिससे डेटा कनेक्टिविटी पूरी तरह निर्बाध और सुरक्षित रहेगी। दो स्वतंत्र डेटा सेंटर अलग-अलग स्थानों पर बनाए जा रहे हैं, जो पूरे सिस्टम को डिजिटल स्थिरता और सुरक्षा प्रदान करेंगे। यह एयरपोर्ट पारंपरिक हवाई अड्डों से अलग एक स्मार्ट नेटवर्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां टर्मिनल से लेकर रनवे, पार्किंग से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक सब कुछ रियल-टाइम डिजिटल नेटवर्क से जुड़ा रहेगा। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए अत्याधुनिक वीडियो सर्विलांस सिस्टम लगाया गया है, जो एयरपोर्ट के हर हिस्से की निगरानी करेगा। आगमन और प्रस्थान मार्गों पर लगाए जा रहे लाइसेंस प्लेट रिकग्निशन और ड्राइवर इमेजिंग कैमरे वाहनों की स्मार्ट ट्रैकिंग सुनिश्चित करेंगे, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों में अभूतपूर्व सुधार होगा।
डिजिटल कनेक्टिविटी के स्तर पर जेवर एयरपोर्ट को इस तरह तैयार किया गया है कि वायरलेस नेटवर्क कवरेज रनवे, रिमोट स्टैंड्स और पूरे परिसर तक विस्तृत रहेगा। यात्रियों को रियल-टाइम सूचना प्रणाली और स्मार्ट डिजिटल एक्सेस की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत यह एयरपोर्ट न केवल आज की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि भविष्य की एआई आधारित स्वचालित सुरक्षा और संचालन प्रणाली का भी समर्थन करेगा। जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को डिजिटल एविएशन नेटवर्क का केंद्र बनाकर देश को नई तकनीकी ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
तीन प्रमुख डिजिटल कंट्रोल हब
योगी सरकार के डिजिटल विजन को मूर्त रूप देते हुए एयरपोर्ट में तीन प्रमुख डिजिटल कंट्रोल हब बनाए जा रहे हैं। पहला, एयरपोर्ट ऑपरेशंस सेंटर (AOC), जो पूरे एयरपोर्ट संचालन का मस्तिष्क होगा और हर गतिविधि को रियल-टाइम में नियंत्रित करेगा। दूसरा, सिक्योरिटी ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर, जो चौबीसों घंटे एयरपोर्ट की सुरक्षा पर नजर रखेगा। तीसरा,एयरपोर्ट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
