पीलीभीत: बीसलपुर में युवक की हत्या, दूसरे दिन शव मिलने पर मचा हड़कंप
बीसलपुर, अमृत विचार। घर से गांव के ही कुछ लोगों के साथ निकले युवक की हत्या कर दी गई। रातभर लापता रहने के बाद दूसरे दिन उसका शव मिला। शरीर पर कई चोट के निशान थे। परिवार ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज जांच कर रही है।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढकिया रंजीत के रहने वाले 24 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र स्वर्गीय सूरजपाल को रविवार शाम गांव के ही कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात तक युवक के वापस न आने पर परिवार वाले परेशान हो गए। युवक की तलाश शुरू कर दी गई। मगर कुछ पता नहीं चल सका।
दूसरे दिन सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे पीलीभीत मार्ग पर एक कॉलेज के नजदीक नहर पटरी के नीचे आशीष कुमार का शव पड़ा मिला। खेत पर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव पर कई जगह चोट के निशान थे। जिसे देख परिवार वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन में जुटी है।
