UP Weather Update: चक्रवात मोन्था का असर....यूपी के पूर्वांचल जिलों में बारिश, तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर बने संयुक्त प्रभाव के कारण बुंदेलखंड समेत उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को बादलों के जमावड़े के बीच बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार हो गया है। मौसम विभाग ने 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार जताये हैं। मौसम आंचलिक केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने अवदाब से पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली एक द्रोणिका अरब सागर से नमी को निचले क्षोभमंडल में खींच रही है। 

पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ, इन परिस्थितियों के कारण 27 अक्टूबर को बुंदेलखंड और उससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश या हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा अवदाब एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होकर 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक देगा। इसके अवशेष धीरे-धीरे कमजोर होकर दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश को प्रभावित करेंगे, जिससे 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 

इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से, अगले चार से पाँच दिनों में राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग अपरिवर्तित रह सकता है या इसमें मामूली वृद्धि हो सकती है। 

इस बीच, रविवार को मेरठ में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद बरेली (15.3 डिग्री सेल्सियस), नजीबाबाद (16 डिग्री सेल्सियस), मुजफ्फरनगर (16 डिग्री सेल्सियस) और शाहजहांपुर (16.4 डिग्री सेल्सियस) का स्थान रहा।

ये भी पढ़े : 

मंत्री बेबी रानी मौर्य की कार दुर्घटना मामला: यूपीडा अधिकारियों और ट्रक चालक पर FIR दर्ज, लापरवाही का आरोप  

संबंधित समाचार