Albania's AI minister is pregnant: अल्बानिया में AI मिनिस्टर हुई प्रेग्नेंट! 83 बच्चों को देंगी जन्म, PM एडी रामा ने किया अनोखा खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बर्लिन। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में चल रही ग्लोबल डायलॉग कॉन्फ्रेंस में एक हैरान करने वाला ऐलान किया। उन्होंने बताया कि देश की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री डिएला 'गर्भवती' हैं और जल्द ही 83 बच्चों  (नई AI इकाइयों) को 'जन्म' देंगी। यह 'गर्भावस्था' प्रतीकात्मक है — इसका मतलब है कि डिएला 83 विशेष AI असिस्टेंट मॉड्यूल विकसित कर रही हैं, जो अल्बानियाई संसद के प्रत्येक सांसद के लिए व्यक्तिगत सहायक की भूमिका निभाएंगे।

रामा ने कहा, “2026 तक संसद के सभी 83 सांसदों को अपना निजी AI सहयोगी मिल जाएगा। ये मॉड्यूल संसदीय सत्रों की पूरी रिकॉर्डिंग करेंगे, भाषणों का सारांश बनाएंगे और नीति निर्माण में तत्काल सहायता प्रदान करेंगे।” यदि कोई सांसद बहस का कोई हिस्सा चूक जाए, तो उसका AI असिस्टेंट तुरंत अपडेट देगा — क्या कहा गया, क्या जवाब देना चाहिए, सब कुछ। सभी मॉड्यूल्स का आधार डिएला का डेटा और प्रशिक्षण होगा, यानी ये उसकी 'डिजिटल संतानें' होंगी।

डिएला: सूरज की तरह चमकती वर्चुअल मंत्री

डिएला (DIELA) को सितंबर 2024 में अल्बानिया की पहली AI मंत्री बनाया गया। वह पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में एक आकर्षक वर्चुअल महिला अवतार के रूप में नजर आती है। उसका नाम 'सूरज' का प्रतीक है। जनवरी 2024 में इसे e-Albania डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शुरू किया गया था, जहां यह नागरिकों को ऑनलाइन सरकारी सेवाएं, दस्तावेज, लाइसेंस और परमिट उपलब्ध कराती है।

भ्रष्टाचार पर डिजिटल नजर

प्रधानमंत्री रामा ने जोर देकर कहा कि डिएला का मकसद सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि प्रशासन में पूर्ण पारदर्शिता लाना है। अब वह सार्वजनिक खरीद प्रणाली (पब्लिक प्रोक्योरमेंट) की पूरी निगरानी करेगी। हर टेंडर, ठेका और फंड का आवंटन उसके डिजिटल कंट्रोल में होगा।

रामा बोले, “अब कोई सरकारी सौदा अंधेरे में नहीं होगा। हर नागरिक देख सकेगा कि उसका पैसा कहां खर्च हो रहा है। डिएला की निगरानी में भ्रष्टाचार के लिए जगह नहीं बचेगी।”

संबंधित समाचार