बदायूं : किन्नर के घर एक करोड़ से ज्यादा की चोरी में शामिल बदमाश पकड़े, मुठभेड़ में दो को लगी गोली
बदायूं, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं में किन्नर के घर से करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के केस में पुलिस ने 9 बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दो बदमाशों के पैर में गोलियां लगीं। उनके पास से करीब 700 ग्राम सोने और दो किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा 8 लाख रुपये कैश, तमंचा-कारतूस मिले। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बदायूं के एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया के मुताबिक, ये मुठभेड़ फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुई। उन्होंने कहा कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस बदमाशों को तलाश रही थी। तड़के पांच बजे पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। पुलिस की गिरफ्त में फंसता देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी-जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसमें दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी करके 9 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
जिन बदमाशों को गोली लगी है-उनमें अमरोजा जिले के नौगवां थाना क्षेत्र के खेड़ा उपरोला गांव का नाजिम और करमल्लीपुर गांव का तैय्यब शामिल हैं। पकड़े गए बदमाशों में चंदौसी का अरविंद गौतम, अमरोहा से नाजिम, मोईन, तैय्यब, नदीम, शिब्बू उर्फ शोएब, संभल के असफाक उर्फ कांति, फुरकान उर्फ फकरुद्दीन और सोहेल शामिल हैं। इन बदमाशों पर चोरी और डकैती के दर्जनभर के आसपास मुकदमें दर्ज हैं और पुलिस इनसे पूछताछ में जुटी है।
एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने कहा कि पिछले दिनों बदमाशों ने ओरछी स्थित किन्नर टीना के घर से चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस चोरों को पकड़ने में जुट गई। छानबीन के दौरान बदमाशों का सुराग मिला और वह पकड़े गए। बताया जा रहा है कि पकड़े गए चोरों से पूछताछ में कुछ और मामलों का खुलासा हो सकता है।
