पीलीभीत: एक नवंबर से खुलेगा PTR, चूका बीच हटों की हो गई एडवांस बुकिंग..अंतिम चरण में तैयारियां
पीलीभीत, अमृत विचार: पीलीभीत टाइगर रिजर्व का आगामी पर्यटन सत्र शुरू होने में महज चार दिन शेष बचे हैं। टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर नए पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। सैलानियों की सुविधा के लिए वन निगम की ओर से चूका बीच की हटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। इसके बाद एडवांस बुकिंग का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इधर इस बार वन मंत्री नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ नए बराही गेट से कर सकते हैं। इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र इस बार 01 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच समेत पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन स्थलों एवं सफारी मार्गों को दुरुस्त करने का काम अंतिम दौर में चल रहा है। सैलानियों के बीच आर्कषण का केंद्र बनने वाले चूका बीच में हटों के रंग-रोगन के साथ उन्हें आकर्षक लुक दिया जा रहा है। सैलानियों के स्वागत के लिए नए गेट तैयार किए जा रहे हैं।

वन अफसर कराए जा रहे कार्यों पर नजर रखे हुए है, ताकि आने वाले देशी एवं विदेशी सैलानियों को असुविधा का सामना न करना पड़ा। वहीं इस बार सैलानियों की सुविधा के लिए तीसरा नया बराही गेट भी खोलने की तैयारी चल रही है। अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र के दौरान आने वाले सैलानी, महोफ गेट, मुस्फाबाद गेट और बराही गेट से इंट्री कर सकेंगे। माना जा रहा है कि इस बार वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना तीसरे नए बराही गेट से ही नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ करेंगे। इसको लेकर टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही है।

बराही गेट से चूका बीच जाने वाले मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है। नए बराही गेट खोलने को लेकर हाल ही में निर्णय लिया गया है। ऐसे में बुकिंग काउंटर आदि को लेकर बराही वन विश्रामगृह का ही भवन ही इस्तेमाल किया जाएगा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि नए पर्यटन सत्र को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। चूका बीच, सप्त सरोवर आदि पर चल रहा कार्य भी अंतिम दौर में है। प्रत्येक कार्य पर नजर रखी जा रही है। सैलानियों को आने पर्यटन सत्र के दौरान कोई असुविधा न हो, इसको लेकर अधीनस्थों को पूर्व में ही निर्देशित किया जा चुका है।

नौ नवंबर तक चूका बीच की हटों की एडवांस बुकिंग
वन निगम की ओर से 18 अक्तूबर से ही इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच की हटों की बुकिंग खोल दी गई थी। सैलानी यूपी पर्यटन निगम की वेबसाइट से हटों की बुकिंग कराने में लगे हैं। वन निगम के मुताबिक चूका बीच में हटों की ऑनलाइन बुकिंग जारी है। अब तक 01 नवंबर से लेकर 09 नवंबर तक चूका बीच की हटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
