सिजेरियन प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा
लखनऊ/ सरोजनीनगर, अमृत विचार : सरोजनीगनर के एक निजी अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। घटना से नाराज परिवारीजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। परिजनों ने मुकदमा दर्ज किए जाने के लिए तहरीर दी है।
एलडीए कॉलोनी पराग डेरी के रहने वाले बेचालाल ने बताया कि पत्नी ममता (30) को सरोजनीनगर स्थित सीमा हॉस्पिटल में 25 अक्टूबर को भर्ती कराया था। सिजेरियन ऑपरेशन के बाद प्रसूता ने मृत बच्चे को जन्म दिया था। प्रसूता की हालत लगातार बिगड़ रही थी।
सोमवार देर शाम इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। पति बेचालाल ने बताया कि अस्पताल संचालक चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पचास हजार रुपये सोमवार को जमा किए गए थे। मौत के बाद बिना बिल चुकाए शव देने को भी राजी नहीं थे। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव अस्पताल से बाहर निकालकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई होगी।
