राममंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह... एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरी कीं तैयारियां, पीएम मोदी ने की देशवासियों से ये अपील
अयोध्या, अमृत विचार : राममंदिर 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर संघचालक मोहन भागवत के हाथों ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसको लेकर अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं। एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि भविष्य में यदि फ्लाइट्स की संख्या बढ़ती है तो विमानों की पार्किंग के लिए आस-पास के एयरपोर्ट्स पर व्यवस्था की जाएगी। जिससे कि अयोध्या एयरपोर्ट पर अनावश्यक दबाव न पड़े। यात्रियों के साथ आने वाले परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, एयरपोर्ट परिसर के बाहर जल प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अयोध्या एयरपोर्ट पहले भी वीवीआईपी मूवमेंट का अनुभव सफलतापूर्वक कर चुका है और प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। एयरपोर्ट प्रशासन तीन मुख्य प्राथमिकताओं पर फोकस कर रहा है। यात्री सुविधा, सुरक्षा और सेफ्टी। इसके अलावा बरसात के मौसम में छत टपकने की समस्या सामने आने पर निदेशक ने जल्द ही मरम्मत का काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपातकालीन या अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। कहा कि पीएम मोदी के संभावित दौरे के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन सुरक्षा और परिचालन मानकों को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने के लिए संकल्पित है। इस अवसर पर ओएसडी अभिषेकसिंह भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने की देशवासियों से मंदिर पहुंचने की अपील
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 126वें एपिसोड में महर्षि वाल्मीकि और रामायण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला था। उन्होंने कहा था कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण ने मानवता को भगवान श्रीराम के आदर्शों और मूल्यों से परिचित कराया। श्रीराम ने सेवा, समरसता और करुणा से सबको अपने साथ जोड़ा। यही कारण है कि रामायण में माता शबरी और निषादराज जैसे पात्रों का विशेष स्थान है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के साथ ही महर्षि वाल्मीकि और निषादराज के मंदिर भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब भी कोई अयोध्या जाए, तो रामलला के दर्शन के साथ महर्षि वाल्मीकि और निषादराज मंदिर के दर्शन अवश्य करे। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भी पीएम मोदी के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में देश की जानी मानी हस्तियां अयोध्या पहुंची थीं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार वही नजारा देखने को मिल सकता है।
