नोएडा : बिसलेरी कंपनी के नाम से नकली पानी बेचने के आरोप में दुकानदार गिरफ्तार
नोएडा। नोएडा में बिसलेरी कंपनी के नाम से नकली पानी की बोतल बेचने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से पानी से भरी हुईं बिसलेरी की 234 नकली बोतलें और कंपनी के स्टीकर लगी हुईं कई खाली बोतल बरामद की गई हैं।
थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि शगुन नामक व्यक्ति ने बीती रात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया है कि वह बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड में काम करता है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि वह 27 अक्टूबर को सोरखा गांव में पहुंचा तो उसे सूचना मिली कि आर. एस. मिश्रा स्टोर के परिसर में बिसलेरी का पानी रखा हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान शिकायतकर्ता को पता चला कि दुकानदार बिसलेरी का अधिकृत चैनल पार्टनर बनकर कंपनी के नाम से नकली पानी बेच रहा है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि जब उसने जांच की तो पता चला कि आर एस मिश्रा स्टोर उनकी कंपनी के अधिकृत चैनल पार्टनर की सूची में शामिल नहीं है। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने परिसर के अंदर बिसलेरी की लगभग 234 सीलबंद व पैक की हुईं बोतलें और 20 लीटर पानी वाले 70 खाली जार देखे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दुकान पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ काफीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रमाशंकर मिश्रा की दुकान से मिलीं सभी बोतलों की बिसलेरी के नाम से नकली पैकेजिंग की गई। पुलिस के अनुसार बारकोड और अन्य जानकारी भी फर्जी मिली।
