Bareilly: जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य कराने की तैयारियां तेज
बरेली, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य कराने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मिले दिशा-निर्देश के बाद शाम को उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को चिट्ठी लिखी, जिसमें 7 फरवरी 2026 तक चलने वाले कार्यक्रमों की अधिकारियों को जानकारी दी गयी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने चिट्ठी में बताया है कि 3 नवंबर तक तैयारी, प्रशिक्षण व मुद्रण कार्य, 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक मतदाताओं की गणना, 4 दिसंबर को मतदान केंद्रों का पुनर्व्यवस्थापन कार्य, 5 दिसंबर से 8 दिसंबर तक नियंत्रण तालिका, ड्राफ्ट रोल की तैयारी, 9 दिसंबर से 12 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां भरने, 9 दिसंबर से 31 जनवरी तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय, दावों और आपत्तियों का निस्तारण और 3 फरवरी 2026 को मतदाता सूची के मापदंडाें की जांच व अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति प्राप्त करने और 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
आयोग के पूर्व अनुमोदन के बिना नहीं होगा अधिकारियों का स्थानांतरण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू होने के बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जिला विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को चिट्ठी भेजकर अधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है। कहा है कि सोमवार को जारी हुए आयोग के निर्देश के क्रम में निर्वाचक नामावलियों की तैयारियों के संबद्ध अधिकारियों का स्थानांतरण भारत निर्वाचन आयोग के पूर्व अनुमोदन के बिना नहीं किया जाएगा। दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के निर्देशों का अवलोकन कर सभी संबंधितों को इसकी जानकारी दे दें।
