अखिलेश यादव का BJP पर हमला, कहा- भाजपा सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं, दबाई जा रही पीड़ितों की आवाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में दबंग और अपराधी तत्वों के मनोबल इस कद बढ़ गये कि कोई भी सुरक्षित नहीं है। अखिलेश यादव यादव ने बुधवार को कहा कि सत्ता के अहंकार में भाजपाई और सामंतवादी ताकतें किसान, नौजवान, महिलाएं सभी के साथ अन्याय कर रहीं है। संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहब का नाम मिटाने का षड्यंत्र है। 

भाजपा उत्तर प्रदेश में तो किसानों पर अत्याचार कर ही रही है अन्य राज्यों, जहां उसकी सरकार है, वहां भी प्रताड़ित कर रही है। किसानों की जमीन और फसल छीनने की साजिश कर रही है। उत्तर प्रदेश का लखीमपुरखीरी हो या मध्य प्रदेश का गुना। भाजपा नेताओं द्वारा किये जा रहे जुल्म, ज्यादती, उत्पीड़न का तरीका एक जैसा है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। पीड़ितों की आवाज दबाई जा रही है। भाजपाइयों की सामंती सोच में नारी का न तो कोई मान है और न स्थान है। भाजपा जनता को बरगलाने के लिए झूठे नारे देती है। महिलाएं और बेटियां समय-समय पर अपनी पीड़ा और भाजपा की सच्चाई समाज के सामने लाकर इस सरकार की पोल खोलने का काम कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई यह है कि भाजपा प्रदेश में सामंतवादी तरीके से सत्ता संचालित करना चाहती है। भाजपा संविधान और कानून को नहीं मानती है। भाजपाई और उसके संगी साथी हर दौर में रूप बदल कर संविधान को हटाने और बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर का नाम मिटाने का प्रयास करते है। भाजपाई सोच बाबा साहब और उनके विचारों से नफरत करती है। 

समाजवादी पार्टी और पीडीए संविधान और बाबा साहब के विचारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध और वचनबद्ध है। क्योंकि संविधान हमारी ढाल है। संविधान ही संजीवनी है। उन्होने कहा कि जब संविधान का रक्षा कवच पीडीए के पास है तब भाजपा और उसकी सरकार इतना शोषण और जुल्म ढा रही है, अगर संविधान खतरे में पड़ा तो प्रभुत्ववादी किस हद तक अत्याचार करेंगे, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती है।

संबंधित समाचार