Bareilly :शिक्षक बोले 10 लाख दो नहीं तो कर देंगे तुम्हारा वीडियो वायरल...बीईओ दर्ज कराई FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के घर दो अध्यापकों ने पहुंच कर उन्हें साथ में शराब पीने को कहा। बीईओ ने शराब न पीने की बात कहते हुए मना कर दिया। इसके बाद दोनों शिक्षकों ने उनका वीडियो और ऑडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बीईओ की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रामनगर क्षेत्र में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि उनके घर पर प्राथमिक विद्यालय मझौआ में तैनात शिक्षक शुभम कुमार और राकेश कुमार अक्सर आते-जाते थे। इसके कारण परिवार के लोग भी दोनों को पहचानते थे। आरोप है कि एक दिन शाम को दोनों शराब लेकर पहुंचे और कहा कि साथ में तीनों लोग शराब पीते हैं। विरोध करने पर शिक्षकों ने बिना सहमति छिपकर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद दोबारा से फिर शराब पीने का दबाव बनाया, लेकिन साफ तौर पर मना करने पर उन्हें वही वीडियो और ऑडियो दिखा कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं दोनों आरोपी इन रिकॉर्डिंग को वायरल करने की धमकी देकर कभी 10 लाख रुपये तो कभी पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जातिसूचक गालियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया।

पीड़ित ने बताया कि सोमवार को समय से स्कूल न खोलने पर सहायक अध्यापक शुभम कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी हो चुकी है। इससे पहले भी उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी सिटी मानुष पारीक से की। एसपी सिटी के आदेश पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच में मिले साक्ष्यों को आधार बना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ चर्चा है कि विभागीय कार्रवाई को लेकर दोनों अध्यापक साठ-गांठ करने पहुंचे थे, लेकिन, सौदा सिरे न चढ़ने पर मामला दूसरी तरफ घूम गया।

संबंधित समाचार