ग्रैपलिंग नेशनल चैम्पियनशिप : नंदिनी में कल से भिड़ेंगे 12 राज्यों व सेना के 600 से अधिक खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा/नवाबगंज, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले के नवाबगंज स्थित नन्दिनी नगर महाविद्यालय के इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से शुरू हो रही ग्रैपलिंग कुश्ती की नेशनल चैम्पियनशिप को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं।

देशभर के कोने-कोने से 12 राज्यों, भारतीय सेना और हरियाणा पुलिस के 600 से अधिक महिला व पुरुष पहलवान शनिवार शाम तक आयोजन स्थल पर पहुंच चुके हैं, जबकि आधा दर्जन टीमें देर रात तक आने की संभावना है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार सुबह सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह करेंगे। उद्घाटन समारोह में भारतीय ग्रैपलिंग कमेटी के चेयरमैन दिनेश कपूर, सचिव बिरजू शर्मा, कोषाध्यक्ष बिनोद शर्मा, तथा उत्तर भारत क्षेत्र के चेयरमैन शुभम चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

cats

पहले दिन सीनियर वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले होंगे। इसमें 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी पुरुषों के 9 भार वर्गों और महिलाओं के 8 भार वर्गों में जोर आजमाइश करेंगे। इसके लिए शनिवार की शाम पहलवानों का चिकित्सीय परीक्षण और भार मापन किया गया।

3 नवम्बर को जूनियर और वेटरन्स वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में भारतीय सेना की तीन टीमें आर्मी कोर, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और असम राइफल्स भी हिस्सा ले रही हैं। वहीं हरियाणा पुलिस की टीम भी अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नन्दिनी नगर महाविद्यालय पहुंच चुकी है।

अब तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड, चंडीगढ़, तमिलनाडु, कर्नाटक, मिज़ोरम, पांडिचेरी, असम, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मेजबान उत्तर प्रदेश की टीमों ने आयोजन स्थल पर डेरा डाल लिया है।खेल प्रेमियों में इस राष्ट्रीय आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है।

संबंधित समाचार