पीलीभीत: करोड़ों की ठगी कर फरार आढ़ती और मुनीम पर FIR...अब पुलिस छानबीन में जुटी
पीलीभीत, अमृत विचार। किसान-आढ़तियों की करोड़ों की रकम हड़पकर परिवार समेत भागे आढ़ती पर कानूनी शिकंजा कसा है। कई दिन से चल रही जांच पड़ताल के बीच अब शाहजहांपुर के दो किसानों की ओर से दी गई संयुक्त तहरीर के आधार पर संबंधित आढ़ती व उसके मुनीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
शाहजहांपुर जनपद के थाना निगोही क्षेत्र के ग्राम संडा खास के रहने वाले किसान संदीप कुमार पुत्र अनिल कुमार की ओर से सुनगढ़ी थाने में तहरीर दी गई। जिसमें बताया कि उन्होंने व गांव के ही हरीश कुमार उर्फ मुन्नू पुत्र राम बहादुर ने पीलीभीत मंडी समिति में बालमुकुंद राममूर्ति आढ़त के प्रोपराइटर प्रियांशु अग्रवाल पुत्र सुरेंद्र कुमार अग्रवाल व उसके मुनीम अरुण कुमार को अपना धान बेचा था। सात अक्टूबर 2025 को हरीश ने 140 क्विंटल धान 1910 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से दिया।
वहीं, संदीप ने 17 अक्टूबर और 19 अक्टूबर को 1280 रुपये में धान उक्त आढ़त पर दिया था। आढ़ती को कॉल कर संपर्क किया तो टालमटोल करने लगा। इसके बाद अपने धान की रकम पाने के लिए मंडी आढ़त पर आकर संपर्क करना चाहा तो पता चला कि उक्त आढ़ती प्रियांशु कुमार आढ़त छोड़कर भाग गया है, जोकि कई किसानों के करीब आठ करोड़ से अधिक रकम लेकर गायब हो गया है।
उसका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। सुनगढ़ी पुलिस ने इस मामले में प्रियांशु अग्रवाल और उसके मुनीम अरुण कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। वहीं, आरोपी की लोकेशन के बारे में भी छानबीन कराई जा रही है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विवेचना कराई जा रही है।
कई पीड़ित अभी कार्रवाई को कर रहे इंतजार
आढ़ती के फरार होने के बाद आढ़त के लाइसेंस का निलंबन किया जा चुका है। वहीं, खाद्यान्न आढ़ती कल्याण समिति की ओर से भी कृत्य की निंदा करते हुए उसे निष्कासित कर दिया था। आढ़तियों का भी करीब 75 लाख रुपये है। वहीं, कई अन्य लोग भी ठगी का शिकार हो गए हैं। मगर, अभी कार्रवाई के लिए खुलकर आगे नहीं आए हैं। आरोपी के रिश्तेदारों से संपर्क कर बिना पुलिस कार्रवाई के रुपये वापस पाने की जुगत में लगे हुए हैं। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
