UP: दुधवा में इस बार प्रवेश शुल्क, फोटोग्राफी व गैंडा दर्शन भी महंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पलिया कलां, अमृत विचार। दुधवा नेशनल पार्क शनिवार से सैलानियों के लिए खुल गया है, लेकिन इस बार प्रवेश शुल्क, फोटोग्राफी व गैंडा दर्शन भी महंगा कर दिया गया है। दुधवा में दरों को बढ़ाने का निर्णय वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में हुई बाघ संरक्षण फाउंडेशन की बैठक में लिया गया। इसमें प्रवेश शुल्क 200 से 250 रुपये, गैंडा दर्शन के लिए तय दर 150 से प्रति व्यक्ति 200 रुपये, जंगल में सामान्य कैमरा ले जाने पर 100 के बजाए अब 200 रुपये वसूले जाएंगे।

बैठक में दुधवा के फील्ड डॉयरेक्टर डॉ. एच राजामोहन ने बाघ संरक्षण फाउंडेशन के तहत बीते सालों में कराए गए कार्यों की ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि अत्यंत आवश्यक कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन की दृष्टि से दुधवा बाघ संरक्षण फाउंडेशन के अतंर्गत व्यय किया जाता है, जिसका प्रोजेक्टर टाइगर योजना के अंतर्गत प्राप्त बजट के उपरांत समायोजन कर लिया जाता है। वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए विभिन्न जगहों पर लगाई गई चेनलिंक फेंसिंग के प्रभाव की समीक्षा करते हुए वन मंत्री ने प्रमुख सचिव पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन अनिल कुमार से जानकारी हासिल की। बैठक में उप निदेशक जगदीश आर की तरफ से दुधवा पर्यटन की दरों में बढ़ोत्तरी करने का प्रस्ताव रखा गया। पश्चात दरों में परिवर्तन किया गया। बैठक में प्रमुख सचिव पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन अनिल कुमार ने निकाय बैठक के सदस्यों एवं दुधवा प्रबंधन से कहा कि दुधवा पर्यटन क्षेत्र के विकास में आवश्यक सभी उपाय किए जाएं। सेमिनार के आयोजनों के साथ ही वन एवं वन्य जीव आधारित चलचित्र का आयोजन किया जाए। बैठक का संचालन डीएफओ वफर जोन कीर्ति चौधरी ने किया।

नहीं पड़ेगा असर, पर्यटक बोले- कीमतों का क्या सोचना
दुधवा की सैर के लिए आने वाले पर्यटकों को यहां की दरों की कोई चिंता नहीं है। पहली बार दिल्ली से आए सैलानी आमोद कुमार, राजेश कुमार, लखीमपुर के आदर्श सक्सेना, निषी सिंह का कहना है कि जंगल की सैर करने आए हैं तो कीमतों का क्या सोंचना। बस, दुर्लभ जंतु दिख जाएं तो समझो पैसा वसूल हो गया। दुधवा में काफी सुविधाएं हैं और यहां आकर बहुत अच्छा लगा। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को खासा करीब से महसूस किया। गाइडों से भी वन और वन्य जंतुओं के बारे में काफी जानकारी मिली।

 

संबंधित समाचार