बाराबंकी : जंगल में ‘शेर’ का फोटो वायरल, एआई से बनाया, हिरासत में स्नातक का छात्र
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा शाहपुर के जंगल में बब्बर शेर दिखने का एआई जनरेटेड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शुक्रवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फोटो में अफ्रीकी नस्ल का शेर घूमता हुआ नजर आ रहा था, जिसे सच मानकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम हरकत में आ गई।
क्षेत्र में बब्बर शेर की मौजूदगी का फोटो वायरल होने की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी मयंक सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जंगल में सघन जांच की। जांच के दौरान किसी बड़े वन्यजीव के होने के प्रमाण नहीं मिले। सिर्फ डॉग फैमिली के कुछ निशान मिले। इसके बाद टीम ने फोटो की जांच की तो वह फर्जी मिला।
इसी बीच जांच के दौरान पता चला कि गांव के ही अरुण कुमार पुत्र राम कैलाश, जो एक विश्वविद्यालय में स्नातक का छात्र है, ने एआई तकनीक से यह फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पूछताछ में छात्र ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस को तहरीर दी जाएगी ताकि इस तरह की अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को फैलाने पर सख्त कार्रवाई हो सके।
