फर्जी वोटरों को जड़ से उखाड़ फेंकेगी भाजपा, बोले  भूपेंद्र सिंह- सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनभागीदारी को सशक्त बनाना हमारी जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बंद कमरे में हुई संगठन की अहम बैठक, एसआईआर को लेकर बनी रणनीति

लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर संगठनात्मक स्तर पर कमर कस ली है। शनिवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में बंद कमरे में हुई अहम बैठक में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक की कार्ययोजना तय की गई। स्पष्ट संदेश दिए गए कि फर्जी वोटरों को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में जोड़ना भाजपा का संकल्प है।

बैठक दो चरणों में हुई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, प्रभारी और अभियानों के संयोजकों ने हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान जनांदोलन बन चुका है और अब संगठनात्मक स्तर पर इसे और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता की सक्रियता से होती है और भाजपा कार्यकर्ता इस दिशा में पूर्ण समर्पण से जुटें।

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन अनुशासन और परिणामोन्मुखी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान केवल निर्वाचन प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का अभियान है। प्रत्येक बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे मतदाताओं से संवाद के दौरान मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी साझा करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान संगठन के लिए जनता से जुड़ने और विश्वास बढ़ाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि यह अवसर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पुनर्पुष्टि का पर्व होगा और हर कार्यकर्ता इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए।

बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान, लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती से जुड़े कार्यक्रमों और आने वाले अभियानों की समीक्षा भी की गई। निर्णय हुआ कि भाजपा बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर 2027 के चुनावी लक्ष्य की दिशा में ठोस कदम बढ़ाएगी। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया।

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में कार्यक्रम

संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि भूपेंद्र वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर पार्टी 7 नवंबर को प्रदेश के 18 स्थानों पर एक साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह सिर्फ एक गीत नहीं, राष्ट्र की आत्मा है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को ऊर्जा दी। आज फिर उसी राष्ट्रभक्ति के भाव को जन-जन तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। इन आयोजनों का संयोजन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी करेंगे।

संबंधित समाचार