Bareilly: फर्जी किरायानामा से फर्म बनाकर 4.39 करोड़ की टैक्स चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने फर्जी किरायानामा से बोगस फर्म बनाकर 4.39 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की। राज्य कर अधिकारी ने बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

राज्य कर अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जौनपुर में पंजीकृत एक फर्म सर्वश्री विनोद इंटरप्राइजेज जांच में बोगस पाई गई थी। फर्म रजिस्ट्रेशन के लिए जिस ईमेल और फोन नंबर का इस्तेमाल किया गया था, उस पर अन्य फर्मों का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया था। इन फर्मों की जांच के आदेश दिए गए थे। इसके अलावा पीलीभीत बाईपास पर नवादा शेखान के पते पर दर्शायी गई फर्म सर्वश्री ठाकुर इंटरप्राइजेज की जांच जीएसटी पोर्टल पर की गई। जांच में पाया कि फर्म ने कोई आयात नहीं किया लेकिन कागजों पर तीन फर्मों को सप्लाई दिखाई गई।

 जांच में पाया कि फर्म का मालिक अभिषेक ठाकुर निवासी वैशाली विहार बिना इनवर्ड प्राप्त किए फर्जी आपूर्ति घोषित कर टैक्स चोरी कर रहा था। अभिषेक ने फर्जी बिलिंग के जरिए करीब 2441.95 लाख रुपये की सप्लाई दिखाकर 439.55 लाख रुपये का अवैध आईटीसी पास ऑन किया। बरेली रेंज ए के उपायुक्त टीम के साथ जब फर्म के पते पर जांच करने पहुंचे तो वहां एक मकान मिला। मकान पर फर्म का कोई बोर्ड नहीं था। मौके पर मिले वेदपाल ने बताया कि ठाकुर इंटरप्राइजेज नाम से कोई फर्म संचालित नहीं होती है।

 वेदपाल की पत्नी नीलम की तरफ से बनाए गए किरायानामा को दिखाया तो बताया गया कि नीलम की मृत्यु 2021 में हो चुकी है जबकि किरायानामा 2024 में बनाया गया था। आसपास अभिषेक का फोटो दिखाया गया लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। इससे स्पष्ट हो गया कि फर्म खोलने के लिए जिस किरायानामा का प्रयोग किया गया है वह भी फर्जी है। अभिषेक ठाकुर के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी अभिषेक की तलाश कर रही है।

 

संबंधित समाचार