लखीमपुर खीरी: सड़क हादसे में घायल महिला की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मितौली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के रानीबेहड़ गांव में बीते 27 अक्टूबर को सड़क हादसे में घायल हुई महिला की इलाज के दौरान शनिवार को लखनऊ में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव को घर के बाहर रखकर आरोपी बाइक सवार की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद देर शाम शव का अंतिम संस्कार किया गया।

रानीबेहड़ गांव निवासी माला देवी (40) पत्नी ओमकार गौतम 27 अक्टूबर की शाम अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। उसी दौरान गांव का ही सौरभ तेज रफ्तार बाइक से निकला और उसने माला देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से मितौली सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां पिछले छह दिनों से उसका इलाज चल रहा था। 

शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश में शव को घर के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग की। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की। उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में शव का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के अनुसार, मृतका माला देवी अपने पीछे सात बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है

संबंधित समाचार