कानपुर : सीवर और भ्रष्टाचार की समस्या को लेकर केडीए में प्रदर्शन, घेरा उपाध्यक्ष कार्यालय, घंटों किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। सीवर समस्या और किसानों की जमीनों में हेरफेर, अवैध वसूली करने के विरोध में सोमवार को वार्ड 50 पनकी की पार्षद अनुप्रिया दुबे के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने केडीए में जमकर हंगामा किया। केडीए उपाध्यक्ष के तल पर सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर नारेबाजी की, और लोगों की समस्या को दूर करने की मांग की।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब 2 घंटे बाद गुस्साए लोग नारेबाजी करते हुए केडीए के बाहर निकले। पूर्व पार्षद अशोक दुबे ने बताया कि रतनपुर सेक्टर 14, डूडा कालोनी, गगागंज गाँव, गंगागंज कालोनी केडीए द्वारा ही बसाई गई स्कीम है। लेकिन गंगागंज गाँव में केडीए द्वारा सीवर लाइन नहीं डाली गई। सेक्टर 14 में भी सीवर की समस्या है। 20 वर्षों से क्षेत्रीय लोग परेशान हैं।

क्षेत्र की जनता ने अपनी समस्याओं को कई बार बताया लेकिन समाधान नहीं किया गया। पार्षद अनुप्रिया दुबे ने कहा कि केडीए में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। बगैर पैसे लिए कोई कर्मचारी काम नहीं करना चाहता। उपाध्यक्ष की बात भी अधिकारी-कर्मचारी नहीं मान रहे। किसान अपनी जमीन नपवाने के लिए केडीए० के चक्कर लगा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि केडीए के अमीन रामलाल द्वारा उपाध्यक्ष को गुमराह किया जाता है। किसानों की जमीन पर हेरफेर की जा रही है। पैसे लेकर मकान बनवाए जाते हैं। उन्होंने रामलाल के कार्यों की जाँच की मांग की। धरने में प्रमुख रूप से दीपू, पंकज, सीमा, शिवम, शेखर, विवेक, राहुल तिवारी, राजेश, जय, उर्मिला, राजू समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल थे।

संबंधित समाचार