कानपुर: नानक आया, नानक आया-कल तारण गुरु नानक आया… प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। अव्वल अल्लाह नूर उपाया कुदरत के सब बन्दे, नानक आया, नानक आया कल तारण गुरु नानक आया, एक नूर ते सब जग उप्पजया कौन भले कौन मंदे। जगत गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर शबद गायन से आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।

cats

सोमवार को श्री गुरु सिंह सभा लाटूश रोड की ओर से साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन गुरुद्वारा लाटूश रोड से नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारों की अगुवाई में अरदास के साथ नगर कीर्तन आरंभ हुआ। ज्ञानी मदन सिंह ने अरदास की। 

cats

नगर कीर्तन में सबसे आगे निशान साहिब व खालसा जाह-ओ-जलाल का प्रतीक नगाड़ा गूंज रहा था। दशमेश शस्त्र दल के सेवादार सिख मार्शल आर्ट "गतका" का प्रदर्शन करते चल रहे थे, बैंड वादक अपने संगीत वाद्ययंत्रों पर "देह शिवा पर मोहे ए हैं, शुभ कर्मण ते कब्बभूंह न टरों " को प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। 

गुरु नानक देव जी के जीवन वृतांत पर आधारित झांकियों के वाहन युवा पीढ़ी को गुरु इतिहास से जोड़ने का कार्य कर रहे थे। सिख शिक्षण संस्थानों के बच्चे गुरु पर्व की झांकियों सहित अपनी कला का प्रदर्शन करते चल रहे थे। रामगढ़िया सभा, रणजीत नगाड़ा, हेमकुंट सेवा सोसाइटी, दीप सेवा दल आदि कीर्तनी एवं शब्दी जत्थे "सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होआ"।। " अव्वल अल्लाह नूर उपाया कुदरत के सब बंदे, एक नूर ते सब जग उपजाया कौन भले कौन मंदे " , "इक बाबा अकाल मूर्त, दूसरा रबाबी मर्दाना", शब्दों के द्वारा गुरु यश गायन करते हुए चल रहे थे। 

cats

सुसज्जित वाहन पर विराजमान श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की छत्र छाया में नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारे साहिबान अपनी परंपरागत वेशभूषा में करते हुए चल रहे थे। जगह जगह पर नगर कीर्तन एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब का स्वागत श्रद्धालुजन पुष्प वर्षा की गई और प्रसाद का वितरण किया गया। देर शाम नगर कीर्तन गुरु गोबिंद सिंह चौक, गुरूद्वारा कीर्तनगढ़, अशोक नगर, अमर जवान ज्योति चौक मोतीझील से होता हुआ मोतीझील पार्क में धार्मिक दीवान में परिवर्तित हो गया। 

cats

इस दौरान श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह लार्ड, सरदार सुखविंदर सिंह भल्ला लाडी, मोहन सिंह झास, सुरजीत सिंह लॉर्ड, हरमिंदर सिंह लोंगोवाल, मीतू सागरी, करमजीत सिंह, दया सिंह गांधी, राजू खंडूजा, नीतू सिंह, मोकम सिंह, सुरिंदरजीत सिंह भाटिया, अमनजोत सिंह रौनक, मनमीत सिंह राजू पहलवान, जसबीर सिंह सलूजा, गुड्डू छतवाल, जयदीप सिंह राजा, जसवंत सिंह भाटिया, बलजीत सिंह जोहर, तरनजीत सिंह, सतनाम सिंह सूरी, पार्षद मनजीत सिंह, बिल्लू चावला आदि  मौजूद रहे। 

cats

मोतीझील ग्राउंड पर आज लंगर की तैयारी  

मंगलवार को मोतीझील ग्राउंड पर लंगर की तैयारियां की जाएंगी जबकि मोतीझील ग्राउंड पर ही बनाए गए भव्य पंडाल में पंथ के महान रागी जत्थे व प्रचारक संगत को गुरुवाणी से निहाल करेगें। लंगर की सेवा में महिलाएं, पुरुष, बच्चे, बूढ़े सभी जुटेंगे क्योंकि बुधवार को लाखों लोग लंगर छकेंगे।

संबंधित समाचार