कानपुर : पारदर्शिता और समय से करें शिकायतों का निस्तारण, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने समझी आईसीसीसी की कार्यप्रणाली
स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों की मांगी जानकारी, अधिकारी रहे साथ
कानपुर, अमृत विचार। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत संचालित इंटीग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल सेंटर (अईसीसीसी) परियोजना के संचालन एवं रख-रखाव को परखा। इस दौरान उन्होंने पारदर्शिता और समय से जनता की शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। दोपहर 1 बजे उन्होंने आईसीसीसी परियोजना का निरीक्षण किया।
इस दौरान अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रथम) मो. आवेश, मैनेजर (आई.टी.) राहुल सब्बरवाल ने उन्हें जानकारी दी। नगर आयुक्त द्वारा आईसीसीसी के विभिन्न घटकों के क्रियान्वयन एवं संचालन की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी प्रणाली, आईटीएमएस के अंतर्गत वाहनों के चालान की प्रक्रिया, ट्रैफिक सिग्नल संचालन, वीएमएसबी (डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड), आईटीएमएस एग्जिट मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग प्रणाली, एवं शिकायत प्रकोष्ठ पोर्टल के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
नगर आयुक्त ने शिकायत प्रकोष्ठ पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के पंजीकरण, उनके मूवमेंट तथा निस्तारण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस पर मैनेजर (आई.टी.) द्वारा बताया गया कि नागरिक शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आईसीसीसी के माध्यम से निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
बताया कि आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों के माध्यम से आईसीसीसी के सभी घटकों के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग के लिए तकनीकी सलाह एवं सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि नगर प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं नागरिक हित में उपयोगी बनाया जा सके।
