UP News: लखनऊ विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों को क्यूएस एशिया और दक्षिण एशिया रैंकिंग में मिला स्थान
लखनऊ, अमृत विचार: उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा है कि प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा प्रतिष्ठित क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग प्रणाली में एशिया एवं दक्षिण एशिया श्रेणी में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त करना सम्पूर्ण प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मंत्री ने बताया कि क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में लखनऊ विश्वविद्यालय को 781-790 तथा दक्षिण एशिया रैंकिंग में 244वां स्थान, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ एवं बाबा भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ को 801-850 तथा दक्षिण एशिया में 254वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झाँसी, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, एवं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर को 901-950 एशिया रैंकिंग एवं 297वां दक्षिण एशिया स्थान मिला है।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को एशिया में 1001-1100 तथा दक्षिण एशिया में 330वां, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर को 1201-1300 एशिया तथा 397वां दक्षिण एशिया रैंक प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालय और भी ऊंचाइयाँ प्राप्त करेंगे तथा शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक विकास के क्षेत्र में पूरे देश का गौरव बढ़ाएंगे।
